हाथरस। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव राय ने रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊंचागांव और जैतई का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला के अंतर्गत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ऊंचागांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान ओपीडी में 16 मरीजों का उपचार किया जा चुका था। इनमें सर्दी-जुकाम, खुजली, बुखार तथा अन्य सामान्य बीमारियों के मरीज शामिल थे। केंद्र पर साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न मिलने पर सीएमओ ने नाराजगी जताई और नियमित सफाई के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अस्पताल में छह बेड उपलब्ध मिले तथा गर्मी को देखते हुए कूलर व पंखे चालू पाए गए। हालांकि दवाओं की उपलब्धता मानक के अनुरूप कम पाई गई, जिस पर फार्मासिस्ट को आवश्यक दवाओं की पूर्ति करने के निर्देश दिए गए। लैब तकनीशियन की तैनाती न होने से जांच कार्य प्रभावित होने की बात भी सामने आई, जिस पर फार्मासिस्ट द्वारा ही आवश्यक जांच किए जाने की जानकारी दी गई। वहीं जैतई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। यहां ओपीडी में 22 मरीजों का उपचार किया गया। दवाएं, जांच किट, ओआरएस पैकेट और आई ड्रॉप पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिले। अस्पताल में साफ-सफाई, पेयजल और अन्य सुविधाएं भी बेहतर पाई गईं।




