• Home
  • News
  • ज्ञान विहार स्कूल में मदर्स डे पर आयोजित हुई पूल पार्टी

ज्ञान विहार स्कूल में मदर्स डे पर आयोजित हुई पूल पार्टी

जयपुर। मालवीय नगर स्थित ज्ञान विहार स्कूल में मदर्स डे की पूर्व संध्या पर आयोजित ‘मदर्स डे पूल पार्टी’ बच्चों और उनकी माताओं के लिए यादगार उत्सव बन गई। बाल भवन से कक्षा द्वितीय तक के बच्चों ने रंग-बिरंगी स्विमिंग ड्रेस में पूल में उतरकर जमकर मस्ती की। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर हंसी, संगीत और उत्साह से गुलजार रहा। विद्यालय के प्रिंसिपल ऋत्विज गौड़ ने कहा कि बच्चों के लिए पढ़ाई के साथ-साथ ऐसे आनंददायक और रचनात्मक आयोजन भी बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि जब बच्चे खुलकर खेलते, मुस्कुराते और परिवार के साथ समय बिताते हैं, तभी उनका व्यक्तित्व आत्मविश्वासी और खुशहाल बनता है। मदर्स डे पर आयोजित यह ‘एक्वा फिएस्टा’ मां और बच्चों के रिश्ते को और मजबूत बनाने का प्रयास है।

मीडिया कोऑर्डिनेटर रेनू शब्दमुखर ने बताया कि बच्चों ने पूल में बॉल गेम्स खेले, डांस म्यूजिक पर झूमे और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में भाग लिया। बच्चों की मासूम हंसी और पानी की छप-छप ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया। पूल के किनारे बच्चों और उनकी माताओं ने यादगार तस्वीरें भी खिंचवाईं। कार्यक्रम में आयोजित मनोरंजक गेम्स, डांस, म्यूजिक और सरप्राइज एक्टिविटीज ने बच्चों का उत्साह दोगुना कर दिया। विद्यालय परिसर पूरे समय उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार ऐसे आयोजन बच्चों के मानसिक विकास, आत्मविश्वास और पारिवारिक जुड़ाव को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और “फिर कब होगी पूल पार्टी” जैसे सवाल आयोजन की सफलता को दर्शाते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top