• Home
  • News
  • केडीए का एक्शन: अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर

केडीए का एक्शन: अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर

कानपुर नगर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध एवं अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जोन-4 क्षेत्र में लगभग 10.5 बीघा में विकसित अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई उपाध्यक्ष अंकुर कौषिक एवं सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विशेष कार्याधिकारी प्रवर्तन (जोन-4)/उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई।
प्राधिकरण द्वारा मौजा अहिरवां, कानपुर नगर में हरिहर तिवारी व अन्य द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति एवं बिना अनुमति के की जा रही लगभग 10.5 बीघा की अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बनाई गई सड़क, नाला, बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभे, पिलर, एंट्री गेट, सीवर लाइन तथा कई निर्मित एवं निर्माणाधीन भवनों को दो जेसीबी मशीनों की सहायता से ध्वस्त कर दिया गया।
इसके साथ ही प्रवर्तन विभाग ने ग्राम छतमरा में विकसित की जा रही दो अन्य अवैध प्लाटिंगों को भी चिन्हित किया है। इनमें श्री राम, श्री श्याम व अन्य द्वारा लगभग 4 बीघा तथा शांति देवी, संजय पाण्डेय व अन्य द्वारा लगभग 3.5 बीघा क्षेत्रफल में बिना स्वीकृत मानचित्र के प्लाटिंग किए जाने का मामला सामने आया है। संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा में जवाब मांगा गया है। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर सीलिंग एवं ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता अटल चतुर्वेदी, सुपरवाइजर मनोज कुमार, संदीप यादव, आबिद अहमद, प्रमोद कुमार, अजय चौरसिया, शिवकुमार तथा संबंधित थाने का पुलिस बल मौजूद रहा।
डॉ. रवि प्रताप सिंह ने आम जनता से अपील की है कि प्राधिकरण क्षेत्र में भूमि खरीदने से पहले कानपुर विकास प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही निर्माण कार्य कराएं, ताकि भविष्य में आर्थिक एवं मानसिक क्षति से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माणों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top