फिरोजाबाद। ग्रामीण क्षेत्रों में निजी नलकूपों के बकायेदारों के खिलाफ विद्युत विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 लाख रुपये के बकाया पर आठ निजी नलकूपों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए। विभागीय टीम ने नलकूपों का एक-एक स्पेन तार भी उतार लिया।
अधीक्षण अभियंता ग्रामीण चंद्रजीत प्रसाद के निर्देशन में अधिशासी अभियंता सिरसागंज अमित कुमार के नेतृत्व में एसडीओ सत्यप्रकाश सिंह ने अब्बासपुर उपकेंद्र क्षेत्र के गांव बदीकपुरा में कार्रवाई की। यहां एक निजी नलकूप उपभोक्ता पर छह लाख रुपये का बकाया होने पर टीम ने स्पेन तार उतारकर कनेक्शन विच्छेदित कर दिया। इसके अलावा सरोरा, अब्बासपुर और रजोपुरा गांवों में चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान निजी नलकूपों पर करीब 14 लाख रुपये का बकाया मिलने पर आठ नलकूपों के कनेक्शन काट दिए गए।
विद्युत विभाग की इस कार्रवाई से निजी नलकूप स्वामियों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने कहा है कि जिन उपभोक्ताओं पर बकाया धनराशि है, वे समय रहते बिल जमा कर दें, अन्यथा कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान में अवर अभियंता रामयज्ञ सहित समस्त लाइन स्टाफ मौजूद रहा।





