रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) रायबरेली के राजभाषा विभाग द्वारा हिंदी साहित्य के युगप्रवर्तक साहित्यकार आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को साहित्यिक व्याख्यान एवं वाक् प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बैसवारा डिग्री कॉलेज, लालगंज की प्रो. (डॉ.) पुष्पा बरनवाल उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति रायबरेली से विभिन्न कार्यालयों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। मुख्य अतिथि प्रो. पुष्पा बरनवाल ने अपने संबोधन में आचार्य द्विवेदी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने हिंदी भाषा और साहित्य को नई दिशा प्रदान की। हिंदी गद्य, भाषा-शुद्धि और राष्ट्रीय चेतना के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय है।
इस अवसर पर आयोजित वाक् प्रतियोगिता में उपस्थित कार्मिकों ने आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी के व्यक्तित्व एवं साहित्यिक योगदान पर प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने अपने विचारों के माध्यम से हिंदी भाषा के महत्व और द्विवेदी जी की साहित्य साधना को रेखांकित किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।
कार्यक्रम में आरेडिका के उप मुख्य राजभाषा अधिकारी अभिनव यादव, राजभाषा अधिकारी राकेश रंजन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





