• Home
  • रायबरेली
  • तेज तूफान से ध्वस्त बिजली व्यवस्था जल्द बहाल करने की मांग

तेज तूफान से ध्वस्त बिजली व्यवस्था जल्द बहाल करने की मांग

ऊंचाहार, रायबरेली। बुधवार शाम आए तेज तूफान से ध्वस्त हुई बिजली व्यवस्था को जल्द बहाल कराने की मांग को लेकर भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल ने शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री और विद्युत विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने अधिशासी अभियंता से मिलकर विद्युत व्यवस्था को युद्धस्तर पर दुरुस्त कराने की मांग की तथा हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

भाजपा नेता ने कहा कि तूफान में बड़ी संख्या में बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिन्हें तत्काल बदला जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि सबसे पहले अस्पतालों, वाटर सप्लाई और स्कूलों की बिजली आपूर्ति बहाल की जाए, इसके बाद गांवों की विद्युत व्यवस्था दुरुस्त की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नलकूपों के संचालन के लिए रोस्टर बनाकर बिजली उपलब्ध कराई जाए, ताकि मेंथा और धान की फसल को नुकसान से बचाया जा सके। अभिलाष कौशल ने कहा कि तूफान आए 48 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन ऊंचाहार के कई ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी अंधेरा पसरा हुआ है। भीषण गर्मी में बच्चे और बुजुर्ग परेशान हैं तथा पानी की समस्या गंभीर बनी हुई है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विद्युत लाइनों को ठीक करने में यदि किसी प्रकार की समस्या आ रही हो तो उन्हें तत्काल अवगत कराया जाए, ताकि वह अपने स्तर से समाधान का प्रयास कर सकें। भाजपा नेता ने बताया कि उन्होंने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय को भी ऊंचाहार की खराब बिजली व्यवस्था से अवगत कराया है। इस पर मंत्री ने विद्युत अधिकारियों को जल्द से जल्द व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान भाजपा मंडल उपाध्यक्ष राजेंद्र यादव, मनोज पाल, सुनील जायसवाल, राज जायसवाल, अमरेश यादव, विजय पाल और सूरज तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top