कानपुर देहात। भोगनीपुर थाना पुलिस ने बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के आरोप में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को हरदुआ पुल स्थित टेम्पो स्टैंड के पास से पकड़ा गया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 30 मई 2026 को पीड़िता के परिजन की तहरीर पर थाना भोगनीपुर में मुकदमा संख्या 188/2026 दर्ज किया गया था। मामले में पांच लोगों को नामजद किया गया था, जिनमें विवेक, उसके पिता मनोहरि, भाई तथा शिवा और उसकी मां भूरी निवासी सुखसौरा शामिल थे।
जांच के दौरान पीड़िता के बयान, चिकित्सीय परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में संबंधित गंभीर धाराएं भी बढ़ाई गईं। इसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। बुधवार को थाना भोगनीपुर पुलिस ने नामजद आरोपी विवेक कुमार उर्फ सुरेश कुमार (22 वर्ष) निवासी बिदखुरी की मड़ैया को हरदुआ पुल टेम्पो स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आवश्यक विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है। गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक वीरपाल सिंह तथा रिक्रूट आरक्षी प्रवीण कुमार की टीम द्वारा की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में महिला एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों की रोकथाम और आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई।




