कानपुर देहात। बिजली की दरों में 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार लगाए जाने के विरोध में सिकंदरा व्यापार समिति के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सब डिविजनल ऑफिसर (एसडीओ) सिकंदरा के माध्यम से उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष के नाम ज्ञापन सौंपा। सिकंदरा व्यापार समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बिजली उपभोक्ताओं पर लगाए गए 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार को तत्काल वापस लेने की मांग की गई। व्यापारियों ने कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच बिजली दरों में अतिरिक्त बोझ आम जनता और व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बनेगा।
व्यापारियों ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल के निर्देशन में प्रदेश भर के व्यापार मंडल अपने-अपने जिलों और नगरों में बिजली विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन देकर इस निर्णय का विरोध जता रहे हैं। ज्ञापन सौंपने के बाद व्यापारियों ने एसडीओ के साथ बैठक भी की, जिसमें बिजली विभाग से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। व्यापारियों ने क्षेत्र में हो रही बिजली कटौती तथा नए लगाए जा रहे कमजोर बिजली खंभों की गुणवत्ता को लेकर चिंता जताई। उन्होंने हाल के दिनों में कई स्थानों पर बिजली खंभे टूटने की घटनाओं का भी मुद्दा उठाया और अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई की मांग की। बैठक में अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए समाधान का आश्वासन दिया, जिस पर व्यापारियों ने संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष रामकुमार गुप्ता, सिकंदरा व्यापार समिति अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, महामंत्री दिलशाद अहमद, कोषाध्यक्ष संदीप गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हेमंत कटियार, युवा अध्यक्ष शिवम सोनी, वरिष्ठ मंत्री तय्यब, मंत्री राजेश खन्ना, मंत्री सौरभ वर्मा, प्रचार मंत्री रत्नेश गुप्ता, मोबाइल ट्रेड के महामंत्री रियाज अहमद, संजय निरंकारी, मयंक सविता सहित दर्जनों व्यापारी उपस्थित रहे।




