• Home
  • कानपुर देहात
  • जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शादी अनुदान योजना की समीक्षा बैठक आयोजित

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शादी अनुदान योजना की समीक्षा बैठक आयोजित

अनुपम दुबे: कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग एवं अनुसूचित जाति शादी अनुदान योजना की समीक्षा बैठक जूम माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सांसदों, विधायकों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, मंत्री राकेश सचान के प्रतिनिधि करुणा शंकर दिवाकर, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सुकर्मन सिंह तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी गीता सिंह सहित अन्य अधिकारी मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट में उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों ने शादी अनुदान योजना की प्रगति एवं आवेदन पत्रों की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। बताया गया कि पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग में शादी अनुदान के 452 आवेदन पत्र तथा अनुसूचित जाति एवं सामान्य वर्ग के 114 आवेदन पत्र ऑनलाइन प्राप्त हुए हैं। अधिकारियों ने जानकारी दी कि अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 556, सामान्य वर्ग के लिए 210 तथा पिछड़ा वर्ग के लिए 981 लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। समाज कल्याण विभाग को 11 लाख रुपये तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग को 98.20 लाख रुपये का बजट प्राप्त हुआ है। वहीं अनुसूचित जाति वर्ग के लाभार्थियों के लिए अतिरिक्त बजट की मांग विभाग स्तर से की गई है।

इस पर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को आवश्यक पत्राचार कर शीघ्र बजट की मांग भेजने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि शादी अनुदान योजना के अंतर्गत तहसील एवं विकास खंड स्तर पर लंबित आवेदनों के सत्यापन और निस्तारण के लिए मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित आवेदन पत्रों का यथाशीघ्र सत्यापन कर पात्र लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए, ताकि जरूरतमंद परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top