• Home
  • कानपुर देहात
  • विशेष अभियान के तहत एक सप्ताह में 21 गुमशुदा व्यक्तियों को सकुशल बरामद किया गया

विशेष अभियान के तहत एक सप्ताह में 21 गुमशुदा व्यक्तियों को सकुशल बरामद किया गया

कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद के मार्गदर्शन में जनपद में गुमशुदा एवं अपहृत व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी और सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पिछले एक सप्ताह में विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 21 गुमशुदा/अपहृत व्यक्तियों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस द्वारा सतत प्रयास, तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण, स्थानीय सूचना संकलन तथा प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से यह सफलता प्राप्त की गई। बरामद किए गए सभी व्यक्तियों को सुरक्षित उनके परिवारों से मिलवाया गया, जिससे परिजनों ने राहत की सांस लेते हुए पुलिस टीमों का आभार व्यक्त किया।

थाना-वार बरामदगी के अनुसार थाना अकबरपुर और रूरा से दो-दो, गजनेर, मूसानगर, सट्टी, देवराहट, डेरापुर, बरौर, सिकंदरा, अमराहट, रसूलाबाद और भोगनीपुर से एक-एक व्यक्ति को बरामद किया गया। वहीं रनियां और शिवली से दो-दो तथा मंगलपुर थाना क्षेत्र से तीन गुमशुदा व्यक्तियों को सकुशल खोज निकाला गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गुमशुदा एवं अपहृत व्यक्तियों की बरामदगी जनपद पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए लगातार अभियान चलाकर प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के गुमशुदा होने अथवा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई कर उसे सुरक्षित बरामद किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top