कानपुर देहात। थाना सिकंदरा क्षेत्र के ग्राम ईटखुदा में बुधवार सुबह एक युवक का शव कटहल के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सोनू पुत्र अमर सिंह (23 वर्ष) निवासी ग्राम ईटखुदा, थाना सिकंदरा के रूप में हुई है। ग्रामीणों द्वारा युवक का शव पेड़ से लटका देखे जाने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पीआरवी एवं थाना सिकंदरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य संकलित किए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




