कानपुर देहात। ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा शुरू की गई ‘विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ योजना के राष्ट्रव्यापी शुभारंभ के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं सदर विधायक प्रतिभा शुक्ला ने गुरुवार को अकबरपुर ब्लॉक के ग्राम नरिहा और मैथा ब्लॉक के ग्राम जसापुर में आयोजित कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को योजना की जानकारी दी और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। मंत्री ने ग्रामवासियों की समस्याएं भी सुनीं और उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत दोनों गांवों में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई यह योजना ग्रामीण भारत में श्रम को सम्मान, गरीबों को संबल और गांवों के समग्र विकास को नई दिशा देगी। उन्होंने कहा कि यह योजना रोजगार, स्वरोजगार और आजीविका संवर्धन को बढ़ावा देकर युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी।
मंत्री ने ग्रामीणों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की और कहा कि प्रदेश सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख आशीष मिश्रा, बउवा पांडेय, संजय सिंह चंदेल, ग्राम प्रधान सरला देवी, आशा देवी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।





