फिरोजाबाद। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की अध्यक्षता में विद्युत पोल शिफ्टिंग एवं जनपद में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सड़कों के चौड़ीकरण, नाली निर्माण और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में बाधा बन रहे बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मरों की शिफ्टिंग की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विद्युत विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिए कि जिन कार्यों के एस्टीमेट स्वीकृत हो चुके हैं और जिनके लिए धनराशि जारी की जा चुकी है, उनकी शिफ्टिंग कार्यवाही निर्धारित समय सीमा में अनिवार्य रूप से पूरी की जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि लोक निर्माण विभाग और विद्युत विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क के बीच में आ रहे खतरनाक पोलों को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए, जिससे संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि जिन परियोजनाओं के एस्टीमेट या अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) लंबित हैं, उनकी समीक्षा कर तीन कार्य दिवसों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी, अधिशासी अभियंता (विद्युत), अधिशासी अभियंता (PWD) सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





