फिरोजाबाद। कारखाने में काम करने जा रहे एक श्रमिक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना मंगलवार सुबह हिरनगांव रेलवे स्टेशन के समीप हुई। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, नगला हंसी निवासी 22 वर्षीय अभिषेक राजा ताल स्थित एक कारखाने में सामान की पैकिंग का कार्य करता था। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे वह साइकिल से घर से काम पर जाने के लिए निकला था। हिरनगांव रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह करीब छह बजे स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के किनारे शव पड़ा देखा और इसकी सूचना जीआरपी को दी। मृतक की टी-शर्ट पर लिखे नाम और गांव की पहचान के आधार पर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। बताया गया है कि मृतक के पिता राजू ट्रक चालक हैं और एक दिन पहले ही हिमाचल प्रदेश से घर लौटे थे। बेटे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां गुड्डी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। जीआरपी इंस्पेक्टर शेर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है।





