
आगरा। आगरा मंडल में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” के अंतर्गत विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य की समग्र जांच, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और समाज में पोषण व स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर प्रसाद के मार्गदर्शन में मंडल रेल चिकित्सालय, आगरा में यशोदा हॉस्पिटल, गाज़ियाबाद के सहयोग से एक विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में हड्डी रोग (ऑर्थोपेडिक) और कैंसर विशेषज्ञों द्वारा लगभग 30 मरीजों की जांच की गई और उन्हें आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव चुग, वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवंतिका एवं दंत चिकित्सक डॉ. सपना ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
शिविर का मुख्य उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य की रक्षा करना और उन्हें जागरूक बनाना था। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने न केवल चिकित्सकीय परामर्श दिया, बल्कि उपस्थित जनों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।