शारदीय नवरात्रि की नवमी पर घर-घर हुआ कन्या पूजन

देवी मंदिरों में उमड़ा भक्तों का सैलाब, दर्शन कर लिया पुण्य लाभ
फिरोजाबाद। शारदीय नवरात्रि की नवमी तिथि पर बुधवार को भक्तिभाव की अनूठी छटा देखने को मिली। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर कन्या पूजन के साथ मां सिद्धिदात्री की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। कन्याओं को आदरपूर्वक भोजन कराकर उन्हें दक्षिणा, वस्त्र व उपहार भेंट किए गए।
सुबह से ही श्रद्धालु परिवारों में कन्याओं के स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई थीं। महिलाओं ने परंपरागत रूप से कन्याओं के चरण धोकर उन्हें आसन पर बैठाया और विधिपूर्वक पूजन कर स्वादिष्ट भोजन परोसा। इसके बाद कन्याओं को फल, मिठाई, खिलौने, वस्त्र व दक्षिणा प्रदान की गई। इस दौरान बालिकाओं ने भी बड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुख-समृद्धि की कामना की।
इधर, देवी मंदिरों में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। राजराजेश्वरी कैला देवी मंदिर, मां वैष्णो देवी धाम समेत शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में सुबह से ही दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने मां भगवती के दर्शन कर मन्नतें मांगी और नवरात्रि के अंतिम दिन मां सिद्धिदात्री की आराधना कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
नगर में जगह-जगह कन्या भोज, भंडारे और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ। नेजा चढ़ाने वालों की भी बड़ी संख्या रही, जिन्होंने मां के प्रति आस्था प्रकट की। भक्तों ने कहा कि नवरात्रि के नौ दिन शक्ति की उपासना का पर्व होते हैं, जिसमें मां की आराधना से घर में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top