फिरोजाबाद। नगर के सेठ छदामीलाल जैन मंदिर में चल रहे पंचकल्याणक महोत्सव के अंतर्गत भगवान के मोक्ष कल्याण की भव्य शोभायात्रा गाजे-बाजे और भक्तिमय माहौल के बीच निकाली गई। भगवान के भजनों की धुनों पर महिलाएं, युवा और बच्चे नृत्य करते हुए श्रीजी के जयकारों के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। यह शोभायात्रा न्यू तिलक नगर स्थित नव निर्मित जिनालय तक पहुंची, जहां प्रतिमा का विधिवत विराजन कराया गया। महोत्सव के अंतिम दिन प्रातः आचार्य वसुनंदी महाराज के सान्निध्य में जिनालय प्रांगण में पीत वस्त्र धारण कर उपस्थित जिनभक्तों ने भगवान आदिनाथ का जिनाभिषेक एवं शांतिधारा की। उसके बाद पूर्ण विधि-विधान के साथ मोक्ष कल्याणक पूजा संपन्न हुई, जिसमें भक्तों ने प्रतिमा के समक्ष अष्टद्रव्य अर्पित किए। मोक्ष निर्वाण क्रिया के उपरांत पंचकल्याणक में विराजित प्रतिमाओं की शोभायात्रा महावीर जिनालय से प्रारंभ होकर न्यू तिलक नगर स्थित नव निर्मित भगवान पद्मप्रभु जिनालय पहुंची। यहां प्रतिष्ठाचार्य आलोक जैन द्वारा मंत्रोच्चारण एवं विधि-विधान के साथ इंद्रस्वरूप जिनभक्तों ने प्रत्येक प्रतिमा को नव निर्मित वेदी में स्थापित किया।
जिन बिम्ब के शिखर पर कलशारोहण कराए जाने के बाद हवन एवं अन्य धार्मिक क्रियाएं भी सम्पन्न हुईं। इस धार्मिक आयोजन में महोत्सव समिति के अध्यक्ष विमलेश जैन, सेठ महावीर जैन, विनोद जैन मिलेनियम, संजय जैन पीआरओ, कुलदीप मित्तल, देवेंद्र जैन, मनीष जैन, आयुष जैन, दिनेश जैन, सुशील जैन, अनुभव जैन, नमन जैन, ऋषभ जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मोक्ष कल्याण की शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ निकली





