रायबरेली। भारतीय संविधान की 76वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 26 नवम्बर 2025 को आरेडिका में ‘‘संविधान दिवस’’ मनाया गया। इस अवसर पर आरेडिका के महाप्रबंधक प्रशांत कुमार मिश्रा ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संविधान की ‘‘उद्देशिका’’ का सामूहिक पाठ किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान के इतिहास और महत्व की जानकारी भी दी गई। ज्ञात हो कि 26 नवम्बर 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अधिनियमित एवं आत्मार्पित किया था। इसके कुछ प्रावधान तत्काल लागू किए गए, जबकि 26 जनवरी 1950 को पूरा संविधान देश में प्रभावी हुआ।
संविधान दिवस के उपलक्ष्य में आरेडिका के कार्मिक विभाग ने केन्द्रीय विद्यालय में ‘‘हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान’’ विषय पर ड्राइंग और पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की। इसके साथ ही संगोष्ठी कक्ष में निबंध लेखन तथा सेमिनार का भी आयोजन किया गया।
आरेडिका के फोर्ज्ड व्हील प्लांट, फर्निशिंग शॉप, शेल डिपो, गुणवत्ता विभाग सहित सभी इकाइयों के कर्मचारियों ने अपने-अपने उपविभागाध्यक्षों के नेतृत्व में कार्यस्थल पर ही संविधान की ‘‘उद्देशिका’’ का पाठ किया और संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।





