रायबरेली। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा पी.एम. श्री राजकीय इंटर कॉलेज, रायबरेली में दिव्यांगजन हेतु एडिप योजना के अंतर्गत निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण के लिए सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन किया गया। द्वितीय दिवस के कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सदर अदिति सिंह, विधायक सलोन अशोक कुमार, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, सहायक प्रबंधक एलिम्को सुरेंद्र सिंह एवं जिला पंचायत सदस्य राघवेन्द्र सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
शिविर में विकास खंड अमावां एवं छतोह के दिव्यांगजनों को 22 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 102 ट्राईसाइकिल, 28 फोल्डिंग व्हीलचेयर, 208 बैसाखियां, 14 वॉकिंग स्टिक, 1 सी.पी. चेयर, 2 ब्रेल केन, 1 ब्रेल किट, 21 सुगम्य केन, 16 श्रवण यंत्र सहित कुल 432 सहायक उपकरण वितरित किए गए।
सदर विधायक अदिति सिंह ने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों को मुख्यधारा में शामिल करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उपकरण वितरण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे दिव्यांगजन अपने दैनिक जीवन में अधिक स्वावलंबी हो सकें।
सलोन विधायक अशोक कुमार ने दिव्यांगजनों को समाज का सम्मानित व अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा दिव्यांगजन कल्याण हेतु कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका उद्देश्य उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने बताया कि जनपद में दिव्यांगजनों की सूची तैयार कर उनके लिए सहायक उपकरणों का वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रह जाए। उन्होंने बताया कि एलिम्को कानपुर के सहयोग से अमावां के 71 और छतोह के 136 यानी कुल 207 पंजीकृत लाभार्थियों को 432 उपकरण प्रदान किए गए हैं। जो लाभार्थी अब तक वंचित रह गए हैं, उन्हें भी शीघ्र उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
शिविर में जिला समाज कल्याण अधिकारी/दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी सृष्टि अवस्थी, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी, जिला प्रोबेशन अधिकारी जयपाल वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





