रायबरेली। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती/जन्म शताब्दी एवं “फिट युवा–विकसित भारत” की थीम पर आयोजित सांसद खेल महोत्सव–2025 का समापन समारोह कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद संजय सेठ ने की। समारोह के दौरान भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया तथा उनके जीवन, राष्ट्रवाद, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर जनपद स्तर पर 22 दिसम्बर 2025 को आयोजित निबंध, भाषण एवं एकल काव्य पाठ प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान दीपाली मिश्रा (राजकीय इंटर कॉलेज हलोर), द्वितीय स्थान विनय कुमार त्रिवेदी (जनता विद्यालय इंटर कॉलेज पूरे पाण्डेय) एवं तृतीय स्थान आदित्य शिवमंगल मौर्य (बालिका इंटर कॉलेज ऊंचाहार) ने प्राप्त किया। काव्य पाठ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अंशिका सिंह (राजकीय इंटर कॉलेज हलोर), द्वितीय स्थान साक्षी पटेल (इंदिरा गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय) तथा तृतीय स्थान यशी गुप्ता (जनता विद्यालय इंटर कॉलेज पूरे पाण्डेय) को मिला। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान गौरव मिश्रा (डॉ. अम्बेडकर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ऊंचाहार), द्वितीय स्थान साक्षी पटेल एवं तृतीय स्थान हिमांशी श्रीवास्तव (इंदिरा गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय) को सम्मानित किया गया।
सांसद खेल महोत्सव–2025 के समापन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम से देश के विभिन्न जनपदों की भांति रायबरेली जनपद भी वर्चुअली जुड़ा। इस दौरान प्रधानमंत्री द्वारा युवा खिलाड़ियों से संवाद किया गया तथा उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
अपने संबोधन में राज्यसभा सांसद संजय सेठ ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, अनुशासन, धैर्य और टीम भावना का सशक्त आधार हैं। उन्होंने युवाओं से खेल को जीवनशैली के रूप में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों से देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में भी खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण बना है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं एवं पैरा ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों की सफलता सरकार की दूरदर्शी खेल नीतियों और युवाओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को खेल, शिक्षा और संस्कार तीनों के माध्यम से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। समारोह के अंत में सांसद द्वारा विभिन्न खेलों के विजयी खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अमृता सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार, क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला क्रीड़ाधिकारी धीरेन्द्र कुमार पुरुषोत्तम सहित संबंधित अधिकारी, शिक्षक, युवा खिलाड़ी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।





