ऊंचाहार, रायबरेली। ब्लॉक रोंहनिया के छतौना मरियानी स्थित श्याम सुंदर विद्यापीठ इंटर कॉलेज में शंकुश कैंसर हॉस्पिटल, रायबरेली के नेतृत्व में स्वास्थ्य वार्ता एवं कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं को कैंसर के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर मुंह एवं गले के कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉक्टर समीक्षा मिश्रा ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कैंसर के कारण, लक्षण, रोकथाम और बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में कैंसर तेजी से बढ़ती हुई बीमारी बनती जा रही है, जिसका प्रमुख कारण लोगों में जागरूकता की कमी है। यदि समय रहते जानकारी और सावधानी बरती जाए तो कैंसर जैसे गंभीर रोग से बचा जा सकता है।
डॉ. समीक्षा मिश्रा ने कहा कि विद्यालय के बच्चे देश का भविष्य होते हैं। वे स्वयं जागरूक होकर अपने परिवार और समाज को भी जागरूक करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने बताया कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर लगभग 50 प्रतिशत कैंसर के मामलों को रोका जा सकता है।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य गिरधारी लाल भार्गव, उपप्रधानाचार्य दिनेश प्रताप मिश्रा, सतीश श्रीवास्तव, आलोक कुमार यादव, उमेश कुमार तिवारी, अशोक कुमार, किरन पाल सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के उपप्रबंधक धनंजय सिंह ने शंकुश कैंसर हॉस्पिटल, रायबरेली का आभार व्यक्त किया।





