रायबरेली। कड़ाके की ठंड के बीच सदर विधानसभा क्षेत्र की विधायक अदिति सिंह ने जरूरतमंदों के लिए राहत कार्य करते हुए मानवीय संवेदना का परिचय दिया। गुरुवार को उन्होंने अमावां ब्लॉक के चकदादर गांव में विजय साहू तथा जिला अस्पताल कर्मचारी कॉलोनी में उदय सिंह के सहयोग से जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए।
इसके साथ ही बैरहना क्षेत्र में भी गरीब और असहाय परिवारों को ठंड से बचाव के लिए कंबल उपलब्ध कराए गए। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ दिखाई दिया।
इस मौके पर विधायक अदिति सिंह ने कहा कि ठंड के मौसम में गरीब और असहाय लोगों की मदद करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। जनसेवा उनका मूल उद्देश्य है और आगे भी इस तरह के सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और कठिन समय में जरूरतमंदों को सहारा प्रदान करते हैं।





