• Home
  • रायबरेली
  • उद्यान मंत्री ने गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी

उद्यान मंत्री ने गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी

रायबरेली। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन रायबरेली में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार दिनेश प्रताप सिंह ने तिरंगा फहराकर ध्वजारोहण किया और गणतंत्र दिवस परेड की सलामी ली। परेड को पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह द्वारा शपथ ग्रहण कराई गई। इसके पश्चात मंत्री एवं पुलिस अधीक्षक ने परेड का निरीक्षण किया तथा संविधान की प्रस्तावना की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम के दौरान जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों एवं सामाजिक सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सम्मानित नागरिकों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का सम्मान किया गया।

अपने संबोधन में राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय गौरव, सम्मान और आत्मचिंतन का पर्व है, जो हमें न्याय, समता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के मूल्यों की याद दिलाता है। यह पर्व देश की एकता, अखंडता और मजबूती के साथ-साथ विकास, प्रगति और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प भी कराता है। उन्होंने कहा कि विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश होने पर हम सभी को गर्व है। गणतंत्र हमें ज्ञात-अज्ञात देशभक्तों के त्याग, बलिदान और कुर्बानियों के बाद प्राप्त हुआ है, जिसकी रक्षा करना हम सभी का दायित्व है।

राज्यमंत्री ने कहा कि भारत एक युवा राष्ट्र है और देश के विकास के केंद्र में युवा वर्ग है। युवाओं की ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग कर देश निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। आजादी का वास्तविक अर्थ जोश और कुछ कर गुजरने की भावना के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देना है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों के त्याग, बलिदान और प्रेरणा को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अवलोकन किया गया, जिन्हें अतिथियों द्वारा सराहा गया।

इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश अमित पाल सिंह, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) अमृता सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा, नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी नवीन चंद्रा सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top