रायबरेली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊंचाहार में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में अध्यक्ष जिला पंचायत रंजना चौधरी द्वारा बालिकाओं को बेबी किट एवं मिठाई वितरित कर जन्मोत्सव मनाया गया।
अध्यक्ष जिला पंचायत ने अपने वक्तव्य में बताया कि समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना ही नए भारत की नींव है। उन्होंने बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य, शिक्षा एवं अधिकारों पर जोर देते हुए समाज से बाल विवाह न करने की अपील की। महिलाओं को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति हमेशा सजग एवं जागरूक रहना चाहिए तथा नई सोच के साथ अपने परिवार का पालन-पोषण करना चाहिए। साथ ही शासन द्वारा संचालित विभिन्न लाभप्रद योजनाओं का लाभ लेने के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी जयपाल वर्मा द्वारा उपस्थित महिलाओं को बाल विवाह जैसी कुप्रथा के प्रति जागरूक किया गया तथा बच्चियों एवं महिलाओं से संबंधित योजनाओं पर प्रकाश डाला गया। कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महिला हेल्पलाइन 181, 1090 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में बाल विवाह न करने की शपथ दिलाई गई, साथ ही बाल विवाह के दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए इसे रोकने हेतु कानूनी प्रावधानों एवं विभागीय प्रयासों की जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम का संचालन जिला मिशन समन्वयक शेफाली सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. संजीव पांडे, कनिष्ठ सहायक रामकरण, जेंडर स्पेशलिस्ट पूजा तिवारी, काउंसलर श्रद्धा सिंह, एमटीएस दीप्ति मिश्रा, उजमा, सानिया, कमलकांती, सोफिया आदि लोग उपस्थित रहे।





