ऊंचाहार, रायबरेली। प्रदेश के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने रविवार को रायबरेली जिले के ऊंचाहार में ओम सोलर सॉल्यूशंस का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की तेज़ी से बढ़ती प्रगति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सौर ऊर्जा को अपनाकर देश न केवल ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
उद्यान मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की क्रांतिकारी नीतियां देश को समृद्ध बनाने के साथ-साथ आम नागरिकों की ऊर्जा आवश्यकताओं को सरल और सुलभ बना रही हैं। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न सरकारी पहलों के माध्यम से लोग अपने घरों, दुकानों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर सोलर पैनल लगवाकर बिजली ग्रिड पर निर्भरता कम कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा से उत्पादित बिजली से बिजली बिलों में भारी कटौती होती है और लगभग 25 वर्षों तक स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा उपलब्ध होती है। यह पूरी तरह प्रदूषण मुक्त ऊर्जा स्रोत है, जिससे कार्बन डाइऑक्साइड के उत्सर्जन में कमी आती है और पर्यावरण स्वच्छ बना रहता है। उन्होंने कहा कि भारत 2050 तक सौर ऊर्जा उत्पादन और तकनीक में पूर्ण आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर है, जिससे भविष्य में ऊर्जा आपूर्ति और अधिक सुरक्षित होगी।
इस अवसर पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने कहा कि घर, ऑफिस और दुकानों के लिए सोलर सिस्टम एक बेहतर विकल्प है। सरकार द्वारा रूफटॉप सोलर सिस्टम पर सब्सिडी भी प्रदान की जा रही है, जिससे आम लोगों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में पहुंचने पर उद्यान मंत्री का स्वागत वरिष्ठ भाजपा नेता समलखन गुप्ता, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, खोजनपुर गांव की प्रधान राची गुप्ता एवं सुधीर गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी, नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष ज्ञान बहादुर सिंह, पूर्व प्रधान चुन्नू सिंह, प्रधान रवि सिंह, कनक बिहारी सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





