ऊँचाहार, रायबरेली। समाजसेवा की भावना जब संकल्प का रूप ले लेती है, तो नर सेवा ही नारायण सेवा बन जाती है। रायबरेली जिले के ऊँचाहार क्षेत्र अंतर्गत पुरवारा ग्राम सभा के पूरे चरई गांव में रविवार को कुछ ऐसा ही दृश्य देखने को मिला, जहां वरिष्ठ समाजसेवी पप्पू मिश्रा ने जरूरतमंदों के लिए सेवा अभियान चलाया।
इस अभियान के तहत पप्पू मिश्रा ने गांव की गरीब, आर्थिक रूप से कमजोर, बुजुर्ग और दिव्यांग महिलाओं को साड़ियां वितरित कीं। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना ही नहीं था, बल्कि समाज के वरिष्ठ और अनुभवी लोगों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करना भी रहा। इसी क्रम में गांव के बुजुर्गों, युवाओं और अन्य सम्मानित नागरिकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
पप्पू मिश्रा ने बताया कि यह कोई एक दिवसीय आयोजन नहीं है, बल्कि बीते एक माह से प्रत्येक रविवार को इस तरह के सेवा कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि यह अभियान पूरे पाण्डेय, पूरे गुरु दयाल, पूरे कुर्मिन जैसे गांवों में सफलतापूर्वक चलाया जा चुका है और इस रविवार को पूरे चरई गांव में आयोजित किया गया। उनका लक्ष्य क्षेत्र के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है।
इस सेवा कार्य में गांव के कई गणमान्य लोगों ने सहयोग किया। कार्यक्रम में जयकरन लोधी, कमलेश लोधी, रामनरेश, कंधई, राजकुमार, गोबर्धन, नंद किशोर, इन्द्रेश, श्याम लाल और रामआसरे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने समाजसेवी पप्पू मिश्रा के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी और सकारात्मक पहल बताया।





