• Home
  • हाथरस
  • यूजीसी बिल के विरोध में पदयात्रा रोकी गई, धवरिया की पुलिस से हुई नोकझोंक

यूजीसी बिल के विरोध में पदयात्रा रोकी गई, धवरिया की पुलिस से हुई नोकझोंक

हाथरस। यूजीसी बिल के विरोध में राष्ट्रीय सवर्ण परिषद द्वारा प्रस्तावित पदयात्रा को पुलिस प्रशासन ने रोक दिया। प्रशासन का कहना था कि जिले में धारा 144 लागू होने के कारण किसी भी प्रकार के जुलूस या प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जा सकती। इसके बावजूद परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज धवरिया ने अकेले हाथ में झंडा लेकर पदयात्रा शुरू करने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और धवरिया के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।

पदयात्रा रोके जाने की सूचना मिलते ही सस्पेंड पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री भी हाथरस पहुंचे। उन्होंने पंकज धवरिया के कंचन नगर स्थित आवास के बाहर उनके साथ जमीन पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान अलंकार अग्निहोत्री ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार डरी हुई है और उसका कोर वोटर उससे दूर हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग असल मुद्दों को उठाते हैं, उन्हें रोका जा रहा है, जबकि कथित हिंदू सम्मेलनों को अनुमति दी जा रही है।

बताया गया कि सवर्ण संगठनों की यह पदयात्रा हाथरस से दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री आवास तक प्रस्तावित थी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुबह से ही क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। मौके पर एसडीएम सदर राजबहादुर भी मौजूद रहे। पदयात्रा में शामिल होने की घोषणा करने वाले कई संगठनों के पदाधिकारियों को पहले ही नजरबंद कर दिया गया था।

पदयात्रा रोके जाने के बाद पंकज धवरिया अपने आवास के बाहर धरने पर बैठ गए और प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि यूजीसी बिल और एससी/एसटी एक्ट के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास किया जा रहा है और सरकार के इशारे पर उनकी पदयात्रा को जबरन रोका गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top