• Home
  • मथुरा
  • राष्ट्रपति ने दानघाटी मंदिर के दर्शन एवं गोवर्धन परिक्रमा की

राष्ट्रपति ने दानघाटी मंदिर के दर्शन एवं गोवर्धन परिक्रमा की

श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आगमन आज जनपद मथुरा के तहसील गोवर्धन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री दानघाटी मंदिर में हुआ। दानघाटी मंदिर में उनका स्वागत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें लक्ष्मी नारायण चौधरी, प्रभारी मंत्री/माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग संदीप सिंह, विधायक गोवर्धन मेघश्याम सिंह एवं दानघाटी मंदिर के रिसीवर ललित शर्मा ने किया।

महामहिम राष्ट्रपति ने दानघाटी मंदिर में श्री राधा-कृष्ण जी के मंदिर के दर्शन किए, जहां सीताराम शर्मा द्वारा पूजा-अर्चना कराई गई। सीताराम शर्मा ने राष्ट्रपति को चुनरी भेंट की। महामहिम राष्ट्रपति एवं राज्यपाल ने निज मंदिर/गर्भगृह में ठाकुर श्री गिरिराज जी महाराज (पर्वत) पर दूध से अभिषेक किया तथा प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर में कुलदीप कौशिक एवं दीप चंद्र पुरोहित द्वारा पूजा एवं अभिषेक संपन्न कराया गया। राष्ट्रपति ने विधि-विधान से पूजा कर अभिषेक करते हुए प्रभु का स्मरण किया और दानघाटी मंदिर की परिक्रमा भी की।

दर्शन के उपरांत महामहिम राष्ट्रपति एवं राज्यपाल ने पवित्र श्री गोवर्धन पर्वत/गिरिराज पर्वत की परिक्रमा की। परिक्रमा के प्रारंभ में गोवर्धन वासियों व आस-पास के लोगों ने तालियों से स्वागत किया, जिस पर राष्ट्रपति ने हाथ जोड़कर अभिवादन किया। महामहिम राष्ट्रपति एवं राज्यपाल ने पैदल एवं गोल्फ कार्ट के माध्यम से लगभग 21 किलोमीटर की परिक्रमा की, जिसमें राजस्थान राज्य का भी क्षेत्र आता है। परिक्रमा मार्ग पर स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा तिरंगा झंडा प्रदर्शित किया गया। राष्ट्रपति ने आन्यौर ग्राम पर पैदल परिक्रमा लगाई। राजस्थान राज्य के बॉर्डर पर राजस्थान सरकार द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।

आज विश्व वानिकी दिवस (International Day of Forests) के अवसर पर राष्ट्रपति ने गोवर्धन परिक्रमा मार्ग स्थित गोरवा वन ब्लॉक में बरगद का पौधारोपण किया। परिक्रमा का समापन दानघाटी मंदिर पर हुआ। गोवर्धन परिक्रमा पूर्ण होने के पश्चात राष्ट्रपति को मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी एवं प्रभारी मंत्री संदीप सिंह ने स्मृति चिन्ह (श्री राधा कृष्ण जी की मूर्ति) भेंट किया।

परिक्रमा एवं दर्शन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद महामहिम राष्ट्रपति हैलीकॉप्टर से दिल्ली के लिए प्रस्थान किए। हेलीपैड पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, राज्यमंत्री संदीप सिंह, लोकसभा सांसद हेमा मालिनी, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक गोवर्धन मेघश्याम सिंह, विधायक बल्देव पूरन प्रकाश, अपर पुलिस महानिदेशक आगरा अनुपम कुलश्रेष्ठ, मंडलायुक्त आगरा नगेन्द्र प्रताप, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top