मथुरा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, उत्तर मध्य रेलवे (आगरा मंडल) द्वारा मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन में जिला प्रशिक्षण केंद्र, मथुरा में विश्व जल दिवस के अवसर पर संगोष्ठी एवं जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस वर्ष विश्व जल दिवस की थीम “जल और लैंगिक समानता: जहाँ जल बहता है, वहाँ समानता पनपती है” (Water and Gender: Where water flows, equality grows) रखी गई, जिसके अनुरूप विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के अंतर्गत जल संरक्षण विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें स्काउट्स एवं गाइड्स के लीडर्स, रोवर्स एवं रेंजर्स ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। प्रतिभागियों ने जल संरक्षण के महत्व और लैंगिक समानता के संदर्भ में सामूहिक भागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया। इसी क्रम में स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जल संरक्षण से जुड़े प्रभावी संदेश प्रस्तुत किए। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसके तहत जामुन, पीपल आदि के पौधे रोपित किए गए। उत्तर मध्य रेलवे द्वारा इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समानता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।





