• Home
  • रायबरेली
  • एम्स रायबरेली में 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन

एम्स रायबरेली में 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन

रायबरेली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, रायबरेली में 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान संस्थान में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे आमजन को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया जा सके। यह कार्यक्रम संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. अमिता जैन के मार्गदर्शन एवं स्वच्छता पखवाड़ा अध्यक्ष डॉ. सुयश सिंह के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। पखवाड़ा के दूसरे दिन परिसर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए कार्यकारी निदेशक आवास से मुख्य द्वार तक वॉकथॉन का आयोजन किया गया। कार्यकारी निदेशक ने सुबह 6:30 बजे हरी झंडी दिखाकर वॉकथॉन को रवाना किया और स्वयं भी इसमें शामिल हुईं।

इस वर्ष स्वच्छता पखवाड़ा की थीम “हर घर स्वच्छ, हर घर स्वस्थ” रखी गई है। वॉकथॉन में उप-निदेशक (प्रशासन) कर्नल अखिलेश सिंह, वित्तीय सलाहकार कर्नल यू. एन. राय, अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव सहित संकाय सदस्य, छात्र, अधिकारी एवं सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत आगामी दिनों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान एवं जनसहभागिता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे अस्पताल परिसर में स्वच्छता को और मजबूत किया जा सके। एम्स रायबरेली के ओपीडी द्वार पर 15 अप्रैल तक स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शपथ एवं हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है।

इसके अलावा 6, 9 और 13 अप्रैल को आसपास के प्रमुख स्थानों पर आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अन्य गतिविधियों में कार्मिकों एवं छात्रों के लिए निबंध, पोस्टर, रंगोली प्रतियोगिता, स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता तथा अस्पताल कर्मियों के लिए प्रशिक्षण सत्र भी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top