रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार में क्षेत्रीय मानव संसाधन प्रमुख (एनआर एवं एसआर) एवं मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एस. एन. पाणिग्रही ने दौरा किया। अपने दौरे के दौरान उन्होंने सबसे पहले जेम (जीईएम) बालिकाओं से मुलाकात कर उनसे संवाद किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद उन्होंने एनटीपीसी ऊंचाहार के मानव संसाधन अधिकारियों, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधियों तथा युवा अधिकारियों के साथ विभिन्न बैठकें कीं।
सभा को संबोधित करते हुए श्री पाणिग्रही ने संगठन की प्रगति में मानव संसाधन की बहुआयामी भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक परिवर्तन सबसे महत्वपूर्ण पहलू है, जिसे स्वामित्व की भावना, टीम भावना तथा “कंपनी-फर्स्ट” दृष्टिकोण के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे प्रत्येक परिवर्तन एवं चुनौती को सीखने और आगे बढ़ने के अवसर के रूप में लें, न कि उसे समस्या या बाधा समझें। इस अवसर पर उन्होंने सतत विकास के प्रतीक स्वरूप पौधरोपण भी किया और तत्पश्चात लखनऊ के लिए प्रस्थान किया। दौरे के दौरान परियोजना प्रमुख बी. एम. सिंह, महाप्रबंधक (ऑपरेशन एवं ईंधन प्रबंधन) दिलीप कुमार साहू, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं ऐश डाइक प्रबंधन) एस. यू. हरिदास, मानव संसाधन प्रमुख पंकज कुमार सहित यूनियन एवं एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।





