रायबरेली। खराब मौसम और अत्यधिक वर्षा की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के साथ तहसील सदर क्षेत्र के अंतर्गत राजस्व ग्राम गढ़ी मुतवल्ली का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया और जनसुरक्षा एवं राहत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनहानि, पशुहानि और फसल क्षति की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही समस्त उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर बनाए रखने और राजस्व टीमों को सक्रिय रखने को कहा गया। लेखपालों को भी अपने क्षेत्रों में जाकर क्षति का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जनहानि, पशुहानि एवं फसल क्षति से संबंधित सूचनाओं का समयबद्ध संकलन कर उच्चाधिकारियों को तत्काल उपलब्ध कराया जाए, ताकि राहत एवं सहायता कार्यों में किसी प्रकार का विलंब न हो।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि/रा) अमृता सिंह, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी सदर प्रफुल्ल कुमार शर्मा, उप निदेशक कृषि विनोद कुमार, जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पाण्डेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी और राजस्व कर्मी उपस्थित रहे।





