फिरोजाबाद। फिरोजाबाद जनपद में संचालित निजी विद्यालयों द्वारा फीस, यूनिफॉर्म और पाठ्य पुस्तकों के नाम पर हो रही अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी रमेश रंजन ने जिला शुल्क विनियमन समिति की बैठक में सख्त निर्देश जारी किए। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ बैठक में स्पष्ट कहा कि कोई भी निजी स्कूल निर्धारित मानकों से अधिक फीस नहीं वसूलेगा। फीस वृद्धि से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अभिभावकों को किसी विशेष दुकान से किताबें या यूनिफॉर्म खरीदने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता। स्कूलों को अपनी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखनी होगी।
संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में यह सुनिश्चित करें कि सभी निजी विद्यालय सरकारी नियमों का पूर्ण पालन करें। जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों की अनदेखी करने वाले विद्यालयों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक धीरेंद्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





