फिरोजाबाद। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन कर लिया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनपद की अंतिम मतदाता सूची का विधिवत प्रकाशन किया गया।
बैठक में भाजपा, सपा, कांग्रेस, बसपा, आम आदमी पार्टी और सीपीआईएम सहित सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी दलों को फोटोयुक्त मतदाता सूची की हार्ड कॉपी निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। साथ ही आमजन की सुविधा के लिए मतदाता सूची को निर्वाचन कार्यालय, तहसील मुख्यालयों और जनपद की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराया गया है।
पुनरीक्षण अभियान के दौरान नए मतदाताओं, विशेषकर युवाओं और महिलाओं के नाम जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन ने कहा कि “हमारा लक्ष्य कोई भी मतदाता न छूटे” है और सभी नागरिकों से अपने नाम की पुष्टि करने की अपील की।
विधानसभा वार आंकड़ों के अनुसार जनपद के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 17,31,838 मतदाता पंजीकृत हुए हैं। इनमें 9,44,570 पुरुष, 7,87,207 महिला और 61 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। टूंडला-95 में 3,59,796, जसराना-95 में 3,56,892, फिरोजाबाद-97 में 3,78,106, शिकोहाबाद-98 में 3,26,317 और सिरसागंज-99 में 3,10,727 मतदाता दर्ज किए गए हैं। जनपद में कुल 2181 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं।
अंतिम मतदाता सूची का विमोचन जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर सीपीआईएम के जिला महासचिव नवल सिंह एडवोकेट, बसपा के प्रतिनिधि अखिलेश कुमार, सपा के जिला उपाध्यक्ष डॉ. विजय आर्य, कांग्रेस के जिला महासचिव शैलेंद्र शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। साथ ही सिरसागंज के एसडीएम धर्मवीर भारती, जसराना के एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला, टूंडला के एसडीएम अंकित वर्मा और शिकोहाबाद के एसडीएम डॉ. गजेंद्र पाल सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।





