• Home
  • फिरोजाबाद
  • प्रीपेड स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने की मांग, व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन

प्रीपेड स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने की मांग, व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन

फिरोजाबाद। फिरोजाबाद उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधि मंडल ने अधीक्षण अभियंता विद्युत से मुलाकात कर 11 सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए प्रीपेड स्मार्ट मीटर प्रणाली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। महानगर अध्यक्ष अम्बेश शर्मा के निर्देशन में महानगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमाशंकर दादा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में व्यापारियों ने आरोप लगाया कि समय पर बिजली बिल का भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं और व्यापारियों को भी अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था की शुरुआत उन ट्रांसफॉर्मरों से होनी चाहिए थी जो लॉस में चल रहे हैं।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि प्रीपेड मीटर के कारण हजारों व्यापारियों और उपभोक्ताओं की बिजली कट रही है। विभाग के सर्वर के सही ढंग से कार्य न करने, मोबाइल एप में भुगतान अपडेट न होने, पुरानी सिक्योरिटी एडजस्टमेंट की जानकारी उपलब्ध न कराने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। इसके अलावा बिजलीघरों पर लंबी कतारें लग रही हैं और कनेक्शन पीडी करने के बाद फाइनल बिल बनाने में अवैध वसूली की शिकायतें भी उठाई गईं।

व्यापारियों ने यह भी कहा कि कई उपभोक्ताओं को मैसेज नहीं मिल रहे हैं, सीलिंग सर्टिफिकेट पोर्टल पर अपडेट नहीं है और मोबाइल एप डाउनलोड करने में भी परेशानी हो रही है। उन्होंने मांग की कि स्मार्ट मीटर के नाम पर हो रहे उत्पीड़न को तत्काल रोका जाए।

प्रतिनिधि मंडल ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो व्यापार मंडल व्यापारियों के साथ विद्युत विभाग का घेराव करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की होगी।

ज्ञापन देने वालों में हरिशंकर राठौर, दुष्यंत यादव, स्वतंत्र गुप्ता, मूलचंद राठौर, यादराम गोला, सुशील जाट, अनिल गुप्ता अमीना, रजनीश शर्मा, सुभाष यादव, मुन्नालाल गोला, रामगोपाल बजाज, सुबोध बघेल, राकेश शर्मा, विकास लहरी, दिलीप दीक्षित, संजय शर्मा, हर्षवर्धन, रवि यादव, अजय प्रजापति, आकाश प्रजापति, मोनू शर्मा, शिव बच्चन, रामू दिवाकर सहित दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top