• Home
  • फिरोजाबाद
  • ज्योतिबा राव फुले जयंती पर सपा का शक्ति प्रदर्शन

ज्योतिबा राव फुले जयंती पर सपा का शक्ति प्रदर्शन

फिरोजाबाद। महात्मा ज्योतिबा राव फुले जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित “पीडीए व समाज जोड़ो अभियान” कार्यक्रम ने जिले की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी। सपा कार्यालय पर आयोजित इस कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ी, जिसने इसे बड़े शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया। कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए भाजपा से मुक्ति जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने और भाजपा को सत्ता से बाहर करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जनता के पैसे का इस्तेमाल चुनाव जीतने के लिए कर रही है।

वहीं बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि देश को संविधान के अनुसार चलाया जाना चाहिए और जनता के अधिकारों की रक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने समाजवादी पार्टी और जन अधिकार पार्टी के गठबंधन को मजबूत बताते हुए भाजपा के खिलाफ संयुक्त लड़ाई का ऐलान किया। कार्यक्रम में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के तहत विभिन्न वर्गों को जोड़ने पर जोर दिया गया। नेताओं ने दावा किया कि “समाज जोड़ो अभियान” के जरिए 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए मजबूत आधार तैयार किया जा रहा है।

इस दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कई युवा अपने शरीर पर सपा का झंडा, पीडीए और अखिलेश यादव जिंदाबाद लिखकर कार्यक्रम में पहुंचे, जिससे पूरा माहौल सपा के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम में सांसद अक्षय यादव समेत देवेश शाक्य, अरविंद यादव, डॉ दिलीप यादव, सर्वेश यादव, डॉ मुकेश वर्मा, सचिन यादव, अजीम भाई, रमेश चंद्र चंचल, विजय आर्या, शिवराज सिंह यादव, कमलेश यादव और नीरज यादव सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top