फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र की इंदिरा नगर कॉलोनी की महिलाओं का गुस्सा रविवार को सड़कों पर फूट पड़ा। स्मार्ट मीटरों से बढ़ते बिजली बिलों से परेशान महिलाओं ने ककरऊ बिजली घर पर जोरदार प्रदर्शन किया और पुराने मीटर दोबारा लगाए जाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली खर्च में अचानक भारी बढ़ोतरी हो गई है, जिससे उनका घरेलू बजट बिगड़ गया है। महिलाओं का आरोप है कि कम खपत के बावजूद मीटर तेजी से रीडिंग दिखा रहे हैं और रोजाना करीब 100 रुपये तक का खर्च आ रहा है। इंदिरा नगर निवासी शीला देवी ने बताया कि पहले बिजली का बिल सामान्य आता था, लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद हर दिन करीब 100 रुपये की खपत दिख रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें पुराना मीटर ही चाहिए, लेकिन विभाग में कोई सुनवाई नहीं हो रही। वहीं प्रियंका सिंह (इंदिरा नगर, जलेसर रोड) ने बताया कि पहले उनका मासिक बिल 800 से 1000 रुपये के बीच आता था, लेकिन अब बिना ज्यादा उपयोग के भी खर्च लगातार बढ़ रहा है। इसी कॉलोनी की मिथलेश शंखवार ने बताया कि फरवरी तक वे करीब 9000 रुपये जमा कर चुकी हैं, इसके बावजूद 15 दिन के भीतर ही बिजली काट दी जाती है। उन्होंने कहा कि वे चूड़ी का काम कर परिवार चलाती हैं, ऐसे में इतना खर्च उठाना मुश्किल हो रहा है। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बिजली विभाग के कर्मचारियों पर अभद्र व्यवहार का आरोप भी लगाया। महिलाओं ने ककरऊ बिजली घर पर जमकर नारेबाजी करते हुए स्मार्ट मीटर हटाने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
अधीक्षण अभियंता शहरी विजय मोहन खेडा ने बताया कि विभाग उपभोक्ताओं को यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप के माध्यम से जागरूक कर रहा है। उन्होंने कहा कि सभी उपभोक्ता अपने मीटर का बैलेंस रिचार्ज कराकर पोजीटिव रखें, जिससे कनेक्शन नहीं कटेगा।





