पवन कुमार गुप्ता : रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती विविध कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः प्रभात फेरी से हुई, जिसके बाद खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर जरूरतमंदों को वस्त्र, मच्छरदानी, सोलर लैंप सहित अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया, जिसे पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। शाम को आयोजित भव्य सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
एससी-एसटी एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद लोहकरे ने डॉ. अंबेडकर के जीवन और उनके विचारों पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि बिस्व मोहन सिंह ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचार और उनका व्यक्तित्व आने वाली पीढ़ियों को सदियों तक प्रेरित करता रहेगा। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत एकांकी, गीत और नृत्य ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया।
समारोह में महाप्रबंधक आशुतोष बिस्वास, दिलीप कुमार साहू, एस.यू. हरिदास, मानव संसाधन प्रमुख पंकज कुमार, सीएमओ डॉ. अंतोष कुमार, चिन्मय विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनीष कुमार स्वामी, ऑफिसर एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिकेत, वरिष्ठ नेता शशिकांत राय, एटक यूनियन के सचिव रविंद्र सिंह कुशवाहा और इंटक यूनियन अध्यक्ष आज्ञा शरण सिंह सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने बाबा साहेब को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी, सीआईएसएफ और पुलिस अधिकारी, एससी-एसटी एसोसिएशन के सदस्य तथा बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन शालिनी रावत और ज्योत्सना भारद्वाज ने किया। अंत में एससी-एसटी एसोसिएशन के महासचिव एवं इंटक नेता राहुल कनौजिया ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में एनटीपीसी प्रबंधन के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।





