फिरोजाबाद। नगर में बिजली चोरी के खिलाफ पावर कॉरपोरेशन की विजिलेंस टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। एक गोदाम में चोरी की बिजली से नौ ई-रिक्शा चार्ज होते पकड़े गए, वहीं चार लोगों को अपने घरों में अवैध कनेक्शन से बिजली इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया। सभी के खिलाफ संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
अधीक्षण अभियंता (शहर) विजय मोहन खेड़ा के निर्देशन में अधिशासी अभियंता द्वितीय नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में जेई आसफाबाद मोहित सिकरवार ने विजिलेंस टीम के साथ शुक्रवार सुबह मोहम्मदगंज क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने समीर पुत्र सम्मा महासाब के गोदाम पर छापा मारा, जहां नौ ई-रिक्शा चोरी की बिजली से चार्ज होते पाए गए।
इसके अलावा चार लोग अपने घरों में भी अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते मिले। टीम ने मौके पर पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराते हुए सभी के खिलाफ संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज कराया। इस छापेमारी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जेई मोहित सिकरवार ने बताया कि बिजली चोरी के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अभियान में विजिलेंस के जेई विवेक सिंह और पुलिस बल भी मौजूद रहा।





