व्यापारियों और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक

फिरोजाबाद। नगर की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रस्तावित आंदोलन से पहले प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान का आश्वासन दिया। यह बैठक नालबंद चौकी पर आयोजित की गई, जिसमें दोनों पक्षों के बीच विस्तृत चर्चा हुई। फिरोजाबाद व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रविन्द्रलाल तिवारी और महानगर अध्यक्ष सुनील शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। बैठक में एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे, अपर आयुक्त अजय कुमार सहित विद्युत विभाग के जेई और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

व्यापारियों ने स्मार्ट मीटर, गैस की कालाबाजारी, शहर में लगने वाले जाम, नगर निगम की शास्त्री मार्केट और चंद्रशेखर आजाद मार्केट में किराया व जलभराव की समस्या, फल विक्रेताओं के लिए वेंडिंग जोन तथा कोटला चुंगी और क्लब चौराहे पर ऑटो स्टैंड की व्यवस्था जैसी कई समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाएगा। साथ ही यह भी तय किया गया कि 27 अप्रैल तक जिलाधिकारी के समक्ष अगली बैठक आयोजित की जाएगी।

प्रशासन के आश्वासन के बाद व्यापार मंडल ने फिलहाल अपना धरना-प्रदर्शन स्थगित कर दिया है। बैठक में कौशल किशोर उपाध्याय, अर्जेस उपाध्याय, रामबाबू झा और अन्य व्यापारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top