रायबरेली। नवागंतुक जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने 21 अप्रैल 2026 को कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार में अपना कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना, पारदर्शी प्रशासन सुनिश्चित करना तथा जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना उनके कार्यकाल के प्रमुख लक्ष्य रहेंगे। साथ ही उन्होंने जनसुनवाई को प्राथमिकता देते हुए आमजन की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण भी किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि सरनीत कौर ब्रोका वर्ष 2016 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और मूल रूप से मध्य प्रदेश की निवासी हैं। प्रशासनिक सेवा में आने के बाद वह आगरा, गोरखपुर, बस्ती और उन्नाव सहित विभिन्न जनपदों में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। वर्तमान में वह निदेशक, बाल विकास पुष्टाहार के पद पर कार्यरत थीं।





