रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद स्तर पर संचालित प्रमुख योजनाओं और कार्यक्रमों की अद्यतन स्थिति की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में प्रगति सुनिश्चित करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित आंकड़ों की गुणवत्ता और समयबद्ध अद्यतन पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि जनपद की रैंकिंग में सुधार हो सके।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यक सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जिन विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं है, वे विशेष कार्ययोजना बनाकर शीघ्र सुधार लाएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतीश प्रसाद मिश्रा, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद कुमार, उपायुक्त एनआरएलएम सविता सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





