पवन कुमार गुप्ता: रायबरेली। सदर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से 22 अप्रैल 2026 को जेल रोड स्थित निर्मल हॉस्पिटल के निकट शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक अदिति सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर जेल रोड के सुदृढ़ीकरण एवं निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। प्रस्तावित परियोजना के अंतर्गत पुलिस लाइन चौराहा से मामा चौराहा ओवरब्रिज तक लगभग 2.350 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 901.13 लाख रुपये निर्धारित की गई है। यह मार्ग शहर के प्रमुख आवागमन मार्गों में शामिल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है।
सड़क निर्माण से यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और सुरक्षित होगी तथा जाम की समस्या में भी कमी आने की उम्मीद है। इसके अलावा स्थानीय व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बेहतर होने से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी, स्थानीय नागरिक और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विधायक अदिति सिंह ने कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में चल रही अन्य विकास योजनाओं और आगामी परियोजनाओं की जानकारी भी साझा की।





