रायबरेली। केन्द्रीय विद्यालय आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (एमसीएफ) लालगंज के तत्वावधान में 22 अप्रैल 2026 को 55वीं केवीएस क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना एथलेटिक्स ग्राउंड पर किया गया। इस प्रतियोगिता में लखनऊ संभाग के 59 विद्यालयों के खिलाड़ी भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि एम. के. द्विवेदी (डिप्टी सीएमई/एमपी एमसीएफ एवं नामित अध्यक्ष) ने मशाल प्रज्वलित कर और ध्वजारोहण के साथ किया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी. के. वर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों को अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की शपथ दिलाई। उद्घाटन समारोह में मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।
यह प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की जा रही है। प्रथम चरण 22 से 24 अप्रैल तक, जिसमें टेबल टेनिस और एथलेटिक्स (बालिका वर्ग) की प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि द्वितीय चरण 28 से 30 अप्रैल तक आयोजित होगा, जिसमें टेबल टेनिस और एथलेटिक्स (बालक वर्ग) की प्रतियोगिताएं शामिल हैं। उद्घाटन सत्र के बाद अंडर-19 बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ आयोजित की गई, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इसमें सेजल (केवी एमसीएफ लालगंज) ने प्रथम स्थान, आकृति (केवी अलीगंज प्रथम पाली) ने द्वितीय स्थान और पलक (केवी आरआरसी फतेहगढ़) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि एम. के. द्विवेदी ने विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास का आधार हैं। प्राचार्य डॉ. बी. के. वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-14, 17 और 19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं भाग ले रहे हैं, जिसका उद्देश्य भविष्य के राष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार करना है। कार्यक्रम की जानकारी जनसंपर्क अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव ने दी।










