ऊंचाहार, रायबरेली। रोहनिया विकास क्षेत्र के छतौना मरियानी स्थित श्याम सुंदर विद्यापीठ इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने इस वर्ष भी बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट दोनों परीक्षाओं में विद्यालय का परीक्षाफल शत-प्रतिशत रहा। हाईस्कूल परीक्षा में कुमारी इंदु ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। सौरभ कुमार 88.66 प्रतिशत के साथ द्वितीय, रौनक 88.50 प्रतिशत के साथ तृतीय, आनंद कुमार 84.33 प्रतिशत के साथ चतुर्थ, सोनाली 80 प्रतिशत के साथ पंचम तथा खुशी ने 79.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
इंटरमीडिएट परीक्षा में नितिन कुमार ने 82.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं श्रेया सिंह 81 प्रतिशत, हर्ष त्रिपाठी 80.60 प्रतिशत, विदुषी 80.50 प्रतिशत और मुस्कान मिश्रा ने 79.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। छात्र-छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों एवं माता-पिता को दिया और कहा कि उन्हें सबसे अधिक प्रेरणा विद्यालय के शिक्षकों से मिली है। इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
विद्यालय के प्रबंधक सर्वेश सिंह चौहान ने कहा कि यह सफलता मेहनत, अनुशासन और स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता दिलाना नहीं, बल्कि छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना भी है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य गिरधारी लाल भार्गव सहित शिक्षकों ने सभी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में दिनेश प्रताप मिश्र, आलोक कुमार यादव, सतीश कुमार श्रीवास्तव, अशोक कुमार, रमेश कुमार शुक्ला, राम सुंदर पांडेय, उमेश तिवारी, अंजली सिंह, श्रद्धा मिश्रा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।





