रायबरेली। सदर विधायक अदिति सिंह द्वारा रायबरेली सदर विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड सभागार में नवनिर्मित 50 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र नौनिहालों के बेहतर भविष्य, पोषण और समग्र विकास की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों का सुदृढ़ीकरण न केवल बच्चों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करता है, बल्कि माताओं और बहनों को सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान अदिति सिंह ने हाल ही में संसद में पेश किए गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि यह कानून महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उनकी निर्णायक भागीदारी सुनिश्चित करने वाला ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि यह पहल नारी सशक्तिकरण को नई दिशा और मजबूती प्रदान करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि बुनियादी स्तर पर विकास और नारी सशक्तिकरण दोनों को साथ लेकर रायबरेली को आगे बढ़ाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





