रायबरेली। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना डलमऊ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 50,000 रुपये के इनामिया वांछित अभियुक्त को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार थाना डलमऊ में पंजीकृत गैंगस्टर अधिनियम के तहत वांछित अभियुक्त को देर रात मुठभेड़ में पकड़ा गया। अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस और एक कंटेनर बरामद किया गया है।
घटना 26 अप्रैल 2026 की है, जब डलमऊ पुलिस टीम मुखबिर की सूचना पर मकनपुर तिराहे के पास संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान आईटीबीपी के सामने ग्राम भटनी हार के पास एक संदिग्ध कंटेनर को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन सवार बदमाश भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त नजमुद्दीन पुत्र मोहम्मद याकूब खां निवासी सूफी टोला, थाना मीरगंज, जनपद बरेली को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सीएचसी डलमऊ भेजा गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मुठभेड़ के दौरान उसका साथी मोहम्मद सुबीन पुत्र मोहम्मद छोटे निवासी सिरस खेड़ा, थाना मुंढा पांडे, जनपद मुरादाबाद अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त गैंगस्टर अधिनियम में 50,000 रुपये का इनामिया वांछित था। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।





