रायबरेली। जनपद में 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को आयोजित होमगार्ड्स इनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा का आयोजन कड़ी निगरानी और पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को आयोजित परीक्षा सकुशल सम्पन्न हुई। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि प्रथम पाली में कुल 3504 अभ्यर्थियों में से 2549 उपस्थित रहे, जबकि 955 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 3504 अभ्यर्थियों में से 2572 उपस्थित एवं 932 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 7008 अभ्यर्थियों में से 5121 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 1887 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहकर निगरानी करते रहे, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हो सकी।





