रायबरेली। थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने थाना बछरावां पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं। थाना दिवस के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक मामलों, राजस्व संबंधी शिकायतों के साथ-साथ सड़क एवं सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी कई शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का गंभीरता से संज्ञान लेकर उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन को त्वरित न्याय दिलाना है, इसलिए अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर शिकायतों के निस्तारण को प्राथमिकता दें। इस दौरान उप जिलाधिकारी महराजगंज गौतम सिंह सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





