• Home
  • रायबरेली
  • केन्द्रीय विद्यालय एमसीएफ लालगंज में 55वीं क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन

केन्द्रीय विद्यालय एमसीएफ लालगंज में 55वीं क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन

रायबरेली। केन्द्रीय विद्यालय आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (एमसीएफ) लालगंज के तत्वावधान में 55वीं केवीएस क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026 के द्वितीय चरण का शुभारंभ आज एथलेटिक ग्राउंड, एमसीएफ लालगंज में किया गया। यह प्रतियोगिता 28 से 30 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें लखनऊ संभाग के केन्द्रीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। प्राचार्य डॉ. बी.के. वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के प्रथम चरण में बालिका वर्ग की प्रतियोगिताएं 22 से 24 अप्रैल तक सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। इसमें केन्द्रीय विद्यालय एमसीएफ लालगंज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि केन्द्रीय विद्यालय आरआरसी फतेहगढ़ ने द्वितीय और केन्द्रीय विद्यालय आईआईटी कानपुर ने तृतीय स्थान हासिल किया।

द्वितीय चरण की शुरुआत बालक वर्ग की प्रतियोगिताओं से हुई, जिसमें अंडर-19 एथलेटिक्स (400 मीटर दौड़) का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में केन्द्रीय विद्यालय एमसीएफ लालगंज के संस्कार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। केन्द्रीय विद्यालय आरआरसी फतेहगढ़ के अनुभव कुमार द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि केन्द्रीय विद्यालय जेआरसी बरेली के सुमित कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय प्रशासन ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आर.एन. तिवारी ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top